फुलवारीशरीफ, अजित। पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में जहां बाउंड्री निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान पूर्व सैनिक बृजनंदन राय की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
एसपी सिटी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि घटना 19 फरवरी 2026 की है। लिखित आवेदन के अनुसार एक एफजेड मोटरसाइकिल तथा टाटा पंच चारपहिया वाहन से चार से पांच लोग मौके पर पहुंचे. आरोप है कि विकास कुमार, अजय कुमार, चोखा यादव, संतोष कुमार और विजय कुमार ने बाउंड्री निर्माण का कार्य रुकवाया और विवाद के दौरान आवेदिका के पति तेजनंदन राय उर्फ बृजनंदन राय को पिस्तौल से गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक वर्ष 2005 में उक्त जमीन विकास कुमार के नाना से खरीद चुके थे और उसी जमीन पर चहारदीवारी खड़ी करवा रहे थे. इसी दौरान विकास कुमार उर्फ टेकर अपने साथियों के साथ पहुंचा और जमीन को अपनी बताते हुए विवाद करने लगा. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोली चला दी गई।
मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 99/26 दिनांक 19 फरवरी 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 61(2), 352, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर मुख्य अभियुक्त विकास कुमार उर्फ टेकर तथा शंभु कुमार को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर एक विदेशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, ग्यारह जिंदा कारतूस, एक खोखा, घटना में प्रयुक्त टाटा पंच वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कांड संख्या 101/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास कुमार उर्फ टेकर, शंभु कुमार, धीरज कुमार और संतोष कुमार शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है. घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन बरामद कर लिए गए हैं तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
