फुलवारी शरीफ, अजित। लोकसभा चुनाव की रनभेरी कुछ घंटे में बजने वाली है, ऐसे में बिहार की राजधानी पटना के कई इलाकों में भय मुक्त चुनाव को लेकर प्रशासन ने कमर कस लिया है. बेउर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम एसएसबी की टीम के साथ बेउर थाना पुलिस और जिला प्रशासन के पदाधिकारी के साथ फोर्स को लेकर फ्लैग मार्च किया गया.
फुलवारी एएसपी विक्रम सेहाग ने बताया की लोकसभा चुनाव 2024 के आम चुनाव को भय मुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बेउर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में शुक्रवार की संध्या फ्लैग मार्च निकाला गया.फ्लैग मार्च में स्थानीय पुलिस के अलावा सशस्त्र सीमा बल के जवान शामिल थे. फ्लैग मार्च की शुरुआत बेउर थाना से हुआ.बेउर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार और एस एस बी के अधिकारी के नेतृत्व में बेउर थाना से निकलकर फ्लैग मार्च बायपास 70 फीट सिपारा नत्थू पुर हसनपुरा बरहमपुर रोड बेतौड़ा मोड ब्रह्मपुर बाजार होकर वापस बेउर थाना पहुंचा.
उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए आम मतदाताओं को भय मुक्त होकर मतदान करने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च किया जा रहा है. इसके अलावा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि के बारे में पुलिस से अपनी सूचना साझा करें. उन्होंने कहा कि कहीं से भी कोई अप्रिय गैरकानूनी व असामाजिक गतिविधि में कोई संलिप्त पाया जाएगा उनके खिलाफ कठोर कदम उठाते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम मतदाताओं से अपील किया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भय मुक्त होकर अपनी मतदाता अधिकार का प्रयोग करें.
