बिहार

बजट बैठक में टैक्स वसूली पर जोर, बकाया खत्म करने का लक्ष्य

फुलवारीशरीफ, अजित। नगर परिषद फुलवारी शरीफ की वार्षिक बजट बैठक में शहर के विकास के लिए टैक्स वसूली बढ़ाने पर जोर दिया गया. बैठक में विधायक श्याम रजक ने वार्ड पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने वार्ड में जाकर लोगों को होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित करें, तभी नगर का समुचित विकास संभव हो सकेगा। विधायक ने कहा कि फुलवारी शरीफ सूफी संतों की धरती है और यहां की सामाजिक सद्भावना पूरे राज्य के लिए मिसाल है. शहर के विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए जरूरी है कि सभी लोग समय पर अपना होल्डिंग टैक्स जमा करें और नगर परिषद के प्रयासों में सहयोग करें.

उन्होंने कहा कि नगर परिषद फुलवारी शरीफ का विस्तार लगातार बढ़ा है और अब यहां 38 वार्ड हो चुके हैं. पहले यह नगर पंचायत था, लेकिन समय के साथ इसका तेजी से विकास हुआ है और आज फुलवारी शरीफ एक बड़े क्षेत्र के रूप में विकसित हो चुका है. ऐसे में शहर में सड़क, पार्क, सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए संसाधनों की आवश्यकता भी बढ़ गई है।

विधायक श्याम रजक ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए नगर परिषद ने करीब 145 करोड़ 25 लाख 71 हजार 723 रुपये का बजट प्रस्तावित किया है. हालांकि बजट दस्तावेज के अनुसार करीब 2 करोड़ 51 लाख 59 हजार 626 रुपये का होल्डिंग टैक्स अभी भी बकाया है, जो चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि जब तक लोग अपना होल्डिंग टैक्स नहीं देंगे, तब तक नगर परिषद के लिए विकास योजनाओं को पूरी तरह लागू करना मुश्किल होगा.

Advertisements
Ad 1

उन्होंने वार्ड पार्षदों से कहा कि वे अपने-अपने वार्ड में करदाताओं से संपर्क कर बकाया टैक्स की वसूली सुनिश्चित करें. साथ ही लोगों के बीच प्रचार-प्रसार के माध्यम से यह संदेश पहुंचाया जाए कि नगर के विकास के लिए टैक्स देना जरूरी है। विधायक ने सुझाव दिया कि नगर परिषद स्तर पर टैक्स वसूली को लेकर पार्षदों के बीच एक स्वस्थ प्रतियोगिता भी कराई जा सकती है. जिस वार्ड से सबसे अधिक बकाया टैक्स की वसूली होगी, उस वार्ड के पार्षद को सम्मानित किया जाए. इससे पार्षदों में उत्साह बढ़ेगा और टैक्स वसूली में तेजी आएगी। बैठक में उन्होंने नगर परिषद के सभापति, पदाधिकारियों और कर्मचारियों को बजट तैयार करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह बजट शहर के विकास की दिशा तय करेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर विकास विभाग से भी योजनाओं के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए नगर सभापति आफताब आलम ने कहा कि इस बजट का मुख्य फोकस शहर में स्वच्छता, सौंदर्याकरण, जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम), जलापूर्ति और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर रहेगा. इसके साथ ही पार्कों के सौंदर्याकरण और जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम को भी प्राथमिकता दी जाएगी.बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बजट की 25 प्रतिशत राशि शहरी गरीबों के विकास पर खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि वेंडर जोन का निर्माण, शहरी गरीब और आवासविहीन लोगों के लिए आवास, मध्यम वर्गीय परिवारों को रियायती दर पर आवास, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, वॉटर सप्लाई और कचरा प्रबंधन जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी. साथ ही कला, संस्कृति, पर्यावरण सुधार और खेलकूद को भी बढ़ावा देने की योजना है।

Related posts

विश्व श्रवण दिवस पर एम्स पटना ने दिया जागरूकता का संदेश

इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग बी.एड. कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह के साथ मनाया गया

संस्थापक की 106वीं जयंती पर राम लखन सिंह यादव कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा

error: