पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल ने कहा कि मुजफ्फरपुर जिला के सकरा थाना क्षेत्र के नवलपुर मिश्रौलिया गांव के निवासी अमरनाथ राम, उम्र-37 वर्ष और उनकी 12 वर्षीय पुत्री अनुराधा कुमारी, 11 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी एवं 06 वर्षीय पुत्री राधा कुमारी ने आर्थिंक तंगी एवं अन्य संबंधित कारणों से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस घटना में चार लोगों की मौत हुई है तथा उनके 07 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार एवं 04 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार किसी तरह से बच गए हैं ।बताया जाता है कि गृहविहीन स्व0 अमरनाथ राम करीब 10 वर्षों से बी.डी.ओ सहित अन्य अधिकारियों के पास इंदिरा आवास के लिए दौड लगा रहे थे। किन्तु कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसी दर्दनाक घटना करने के लिए यह दलित परिवार विवश होकर ऐसी घटना को अंजाम दिया। इस तरह की घटना दर्दनाक ही नहीं, बल्कि एक सभ्य समाज के लिए घोर निंदनीय एवं चिंताजनक भी है। इस घटना से दलितों और गरीबों की स्थिति इस प्रदेश में क्या है, सरकार के तथाकथित विकास के नारे की भी पोल खुल गई है।
इस संबंध में राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल ने इस घटना की जांच के लिए श्री पूर्व मंत्री तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष, राजद अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ की अध्यक्षता में पार्टी के सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है जो निम्न प्रकार है:- श्री शिवचन्द्र राम, पूर्व मंत्री, अध्यक्ष , मो इसराइल मंसूरी, पूर्व मंत्री, श्री शंकर यादव, विधायक,श्री लाल बाबू राम, पूर्व विधायक, श्री अमर पासवान, पूर्व विधायक, 6. श्री रमेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष, मुजफ्फरपुर जिला, राजद, श्री सुधीर यादव, जिला प्रधान महासचिव, मुजफ्फरपुर, जिला राजद सभी को सदस्य मनोनीत किया गया है। एजाज में आगे बताया कि जांच समिति 17 दिसम्बर, 2025 को घटनास्थल पर जाकर घटना की वस्तु स्थिति की जांच कर तथा पुलिस और प्रशासन के द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर अपना प्रतिवेदन राज्य कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।
