पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना सदर प्रखंड के कुम्हरार स्थित प्रखंड सभागार में शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति, प्रखंड पटना सदर की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार यादव ने की। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं उपस्थित सदस्यों ने अनुपस्थित पदाधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और उनकी अनुपस्थिति पर रोष व्यक्त किया। बैठक में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से राजस्व विभाग के कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई गई।
समिति की ओर से निर्देश दिया गया कि पटना सदर प्रखंड के चारों अंचलों के अंचलाधिकारी प्रत्येक माह 20 सूत्री कार्यालय को रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे। रिपोर्ट में राजस्व से संबंधित मामलों के निष्पादन की संख्या और लंबित मामलों का पूरा ब्योरा देना होगा।
बैठक में 20 सूत्री कार्यालय में प्राप्त कई लिखित आवेदनों का हवाला देते हुए राजस्व विभाग के कार्यों पर गंभीर सवाल उठाए गए। आवेदनों में आरोप लगाया गया है कि कथित तौर पर दलालों के माध्यम से काम आसानी से हो जाता है, जबकि आम लोगों को अपने कार्यों के लिए महीनों और वर्षों तक प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है। इसके अलावा जमीन के म्यूटेशन और रसीद काटने में कथित अनियमितता तथा फर्जी तरीके से कार्य किए जाने से संबंधित शिकायतें भी सामने रखी गईं।
सदस्यों ने बताया कि प्राप्त लिखित शिकायतों में सबसे अधिक अनियमितता के आरोप दीदारगंज अंचलाधिकारी के विरुद्ध सामने आए हैं। समिति ने राजस्व विभाग के पदाधिकारियों से कार्यप्रणाली में सुधार लाने, शिकायतों का निष्पक्ष निपटारा करने तथा आम जनता को अनावश्यक परेशानियों से राहत देने की मांग की। बैठक में कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अशोक कुमार यादव, सदस्य मुकेश कुमार ठाकुर, अखिलेश कुमार, आफताब गुड्डू, मनोज शर्मा, गुड्डू पाठक, रामप्रवेश सिंह, कुम्हरार विधायक प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सचिव श्रीमती सीमा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति के सदस्य मुकेश कुमार ठाकुर ने किया।
