फुलवारीशरीफ, अजीत। प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ में शिक्षिका नीतू शाही की पहल पर बच्चों के बीच ई-कचरा प्रबंधन को लेकर विशेष शैक्षणिक गतिविधि आयोजित की गयी. इस दौरान बच्चों ने कबाड़ से जुगाड़ कर रंग-बिरंगे मॉडल और अलग-अलग प्रकार के कचरे को रखने के लिए डस्टबिन तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. गतिविधि के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और कचरे के सही प्रबंधन का संदेश दिया गया।
शिक्षिका नीतू शाही ने बच्चों को बताया कि खराब मोबाइल, कंप्यूटर, चार्जर, बैटरी समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाला ई-कचरा यदि सही तरीके से निपटाया नहीं जाये, तो पर्यावरण के साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए ई-कचरे को सामान्य कचरे से अलग रखना चाहिए और उसे अधिकृत संग्रह या पुनर्चक्रण केंद्र तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना भी जरूरी है. बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गतिविधियों के माध्यम से उन्हें व्यावहारिक शिक्षा देना भी आवश्यक है. इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में रचनात्मकता के साथ जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है। गतिविधि के दौरान बच्चों ने संदेश दिया कि कचरा केवल फेंकने की वस्तु नहीं है, बल्कि उसके सही प्रबंधन और पुनः उपयोग के माध्यम से पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी जा सकती है।
