धनबाद(न्यूज़ क्राइम 24): जिले में महिलाओं के गले से चेन छिनतई की घटनाओं ने महिलाओं की नाक में दम कर रखा है.झपटामार गिरोह महिलाओं की चेन के साथ उनका सुख-चैन भी छीन रहे हैं. गिरोह के लोग बाइक पर सवार होकर आते हैं और राह चलती महिलाओं के गले से सोने की चेन छीन कर तेज रफ्तार से भाग निकलते हैं. विगत छः माह में 18 महिलाओं के साथ इस तरह की वारदात हो चुकी है. महिलाएं बाजार जा रही हों या फिर मॉर्निंग वॉक पर निकली हों, चेन स्नैचर गिरोह पीछे लग जाता है और मौका मिलते ही झपट्टा मार कर निकल जाता है. हालत यह है कि न तो यह गिरोह पुलिस के हाथ आता है और न ऐसी घटनाएं रुकने का नाम ले रही हैं. इतना जरूर है कि महिलाएं अब चेन पहनकर बाहर निकलने से डरने लगी हैं।हैरीनी की बात यह है कि पुलिस इस गिरोह को पकड़ने में नाकाम रही हैं. हालांकि चेन छिनतई कई घटनाएं सीसीटीवी में कैद हो चुकी हैं. विगत 13 जुलाई को जेसी मल्लिक रोड पर गिरोह ने पूजा का सामान लेकर आ रही महिला गोदावरी मिश्रा के लगे से चेन झपट ली.
स्थानीय लोगों ने गिरोह के एक सदस्य को बाइक के साथ पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया. पुलिस ने दूसरे अपराधी को पकड़ने की भी कोशिश नहीं की.खास बात यह है कि अधिकतर चेन स्नैचर पल्सर बाइक पर सवार होते हैं. कई घटनाओं में गिरोह के सदस्य काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दिखते हैं. इसी वर्ष विगत 27 मई को धनबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर धैया निवासी आशा देवी की चेन छीन ली गई. 28 जून को भूली सी ब्लॉक में रेणु देवी नामक महिला की चेन भी बाइक सवार गिरोह के लोग ले उड़े. 5 जुलाई को जोरापोखर के डिगवाडीह में सिलाई दुकान संचालक शोभा केशरी के गले से चेन छीन कर गिरोह के लोग आराम से भाग निकले.विगत 30 जुलाई को सरायढेला थाना क्षेत्र के कुसुम विहार निवासी एएसआई की पत्नी के गले से चेन छीन कर बाइक सवार दो अपराधी भाग निकले.
महिला स्टील गेट में खरीदारी कर रही थी. उन्होंने थाना में मौखिक सूचना दी. महिला का पति चाईबासा में एएसआई के पद पर नियुक्त है. 5 जुलाई को चेन छिनतई की शिकार सिलाई दुकान संचालक महिला शोभा केशरी ने बताया कि 1999 में ही पति चल बसे. महिला ने बताया कि उसके बाद किसी तरह बच्चों को पाला-पोसा और कुछ पैसा बचा कर 15 ग्राम सोने की चेन बहुत मुश्किल से खरीदी थी।सुदामडीह थाना क्षेत्र की महिला मंजू देवी 26 सितंबर 2021 को पास के लोको बाजार खरीदारी करने गई थी.
तभी बाइक सवार गिरोह ने उनके गले से चेन झपट ली और फरार हो गए. महिला ने बताया कि चेन 11 ग्राम की थी, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार है. थाना में शिकायत की. पुलिस ने जांच भी की, लेकिन चेन नहीं मिली।चेन शादी के बाद खरीदी थी. उन्हें अफसोस है कि अब वैसी चेन नहीं खरीद सकेंगे. चेन छिनतई की घटनाओं की यह फेहरिस्त और लंबी हो सकती है. परंतु गिरोह का कोई सदस्य पकड़ा जाएगा या उस पर कोई कार्रवाई भी होगी, ऐसी संभावना दूर-दूर तक नहीं दिखती.
