बिहार

चितकोहरा सरकारी स्कूल में बड़ा कांड, लोगों का जमकर हंगामा

फुलवारीशरीफ, अजित। राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत चितकोहरा स्थित अमला टोला कन्या मध्य विद्यालय में बुधवार को दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. विद्यालय की पांचवीं कक्षा की एक छात्रा ने स्कूल के शौचालय में जाकर खुद पर किरोसीन उड़ेल आग के हवाले कर लिया. घटना में छात्रा बुरी तरह झुलस गई. शिक्षकों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए गर्दनीबाग अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. फिलहाल छात्रा की स्थिति नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस चुका है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि छात्रा ने सुबह कक्षा में बैग रखने के बाद सीधे शौचालय का रुख किया. जिस शौचालय में उसने खुद को आग लगाई, वह सामान्यतः बंद रहता है और उसमें जाने के लिए छात्रा ने पीछे का रास्ता चुना. कुछ देर बाद शौचालय से धुआं और जलने की गंध आने लगी. जब दरवाजा तोड़ा गया तो छात्रा अंदर बुरी तरह झुलसी पड़ी थी. पुलिस को घटनास्थल से किरोसीन की बोतल भी बरामद हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते आक्रोशित भीड़ ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. गुस्साए लोगों ने विद्यालय परिसर में जमकर तोड़फोड़ की. कुर्सी-टेबल, बेंच, खिड़की-दरवाजे और जरूरी दस्तावेज नष्ट कर दिए गए. इतना ही नहीं, गुस्साई भीड़ ने शिक्षकों और शिक्षिकाओं के साथ मारपीट की और कई कर्मचारी भय से स्कूल छोड़कर फरार हो गए।

भीड़ का आक्रोश यहीं तक सीमित नहीं रहा. आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया और चितकोहरा गोलंबर को जाम कर सड़क पर आगजनी शुरू कर दी. कई घंटे तक सड़क जाम रहने से पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. स्थिति बेकाबू होते देख डीएसपी सचिवालय, सिटी एसपी मध्य और पश्चिम, हवाई अड्डा थाना पुलिस सहित बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया. वज्र वाहन तैनात किए गए और क्षेत्र को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। हंगामे के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस को लोगों को नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. अराजक तत्वों के तांडव को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया ताकि स्थिति साम्प्रदायिक रंग न ले. लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया और स्थिति पर काबू पाया।

Advertisements
Ad 1

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्रा ने स्वयं आग लगाई है. छात्रा को अकेले उस बंद शौचालय में जाते हुए देखा गया था और वहां से किरोसीन की बोतल भी बरामद हुई है. हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. फिलहाल छात्रा का बयान नहीं लिया जा सका है क्योंकि उसकी हालत नाजुक है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस घटना में विद्यालय प्रशासन की लापरवाही रही है और वे जांच की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस हर एक पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है. एफएसएल टीम को बुलाकर शौचालय से साक्ष्य इकट्ठा किए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतनी कम उम्र की बच्ची आखिर क्यों आत्मदाह जैसे भयावह कदम उठाने को मजबूर हुई. पटना की यह घटना न सिर्फ शिक्षा व्यवस्था, बल्कि बच्चों की मानसिक स्थिति और सामाजिक दबाव पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

Related posts

महा शिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा निकाला गया

हांडी साहिब गुरुद्वारामें बनेगी रिहाईश, कार सेवा दिल्ली को मिली अहम जिम्मेवारी

रेल समस्याओं को लेकर रेल मंत्री से मिले सांसद कौशलेंद्र कुमार

error: