फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना एसएसपी के निर्देश पर फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत गौरीचक थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान धनरुआ थाना क्षेत्र के कुशबन गांव निवासी नरेश पासवान के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभिषेक कुमार गौरीचक थाना कांड संख्या 17/26 में फरार चल रहा था. उसके खिलाफ 7 जनवरी 2026 को मामला दर्ज किया गया था. प्राथमिकी आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत दर्ज की गयी थी. मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी बीच गौरीचक थाना पुलिस को विशेष छापेमारी अभियान के दौरान सूचना मिली कि आरोपी धनरुआ क्षेत्र में मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से आवश्यक पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान के तहत लगातार छापेमारी कर रही है।
