बिहार

पटना जंक्शन के चांदनी मार्केट में इलेक्ट्रिक गोदाम में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी

फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना जंक्शन के चांदनी मार्केट स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान के गोदाम में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गयी. आग दुकान की तीसरी और चौथी मंजिल पर बने गोदाम में लगी, जहां बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रिक सामान रखा हुआ था. देखते ही देखते गोदाम से धुआं निकलने लगा और आग की तेज लपटें उठने लगीं. घटना के बाद चांदनी मार्केट में अफरातफरी मच गयी।

आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के दुकानदारों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. अग्निशमन कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में जुटे रहे. ऊंची मंजिल पर गोदाम होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

आग लगने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जुट गये. धुएं का गुबार और आग की लपटों को देखकर लोगों में दहशत का माहौल रहा. आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक आग फैलने से रोकने के लिए अग्निशमन कर्मियों ने लगातार प्रयास किया।

गोदाम में इलेक्ट्रिक सामान के साथ अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आग की घटना में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका भी आकलन नहीं हो पाया है. अग्निशमन विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन करेगी. घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है।

Related posts

विश्व हृदय दिवस पर पारस हेल्थ में वॉकाथॉन, शेखपुरा मोड़ तक निकली जागरूकता यात्रा

आर्म्स एक्ट के फरार प्राथमिकी अभियुक्त अभिषेक कुमार गिरफ्तार!

प्रखंड कॉलोनी प्राथमिक विद्यालय में गांधी जयंती पर स्वच्छता का संदेश, बच्चों ने चलाया जागरूकता अभियान

error: