फुलवारीशरीफ, अजीत। एम्स पटना की दंत चिकित्सा विभाग की सीनियर रेजिडेंट डॉ. व्याख्या गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए सिल्वर यंग सर्जन अवार्ड हासिल किया है. उन्हें यह सम्मान थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 1 से 3 अक्टूबर तक आयोजित क्रैनियोमैक्सिलोफेशियल सर्जरी के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन फेस अहेड 2026 में मिला. एओ सीएमएफ की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में उन्हें द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ.
डॉ. व्याख्या गुप्ता को यह पुरस्कार मायोफेशियल पेन डिसफंक्शन सिंड्रोम के उपचार पर शोध-पत्र प्रस्तुत करने के लिए दिया गया. उनके शोध का विषय डेक्स्ट्रोज प्रोलोथेरेपी बनाम लिग्नोकेन था. यह शोध एम्स पटना के दंत चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. नक़ूश हैदरी के मार्गदर्शन में किया गया. शोध में इस बीमारी के उपचार के विभिन्न चिकित्सकीय तरीकों का अध्ययन किया गया है.
इस उपलब्धि पर एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने डॉ. गुप्ता को बधाई दी. उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां संस्थान में शोध और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के साथ युवा चिकित्सकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं.
दंत चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) शिवेंद्र चौधरी ने भी डॉ. गुप्ता को बधाई देते हुए उनके शोध प्रयासों की सराहना की. उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और अकादमिक सहयोग के महत्व पर जोर दिया।
