फुलवारीशरीफ, अजीत। नालंदा के राजगीर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी जितेंद्र रविदास की बेटी सुप्रिया कुमारी की शादी अप्रैल 2026 में सकरैचा निवासी अकलू रविदास के बेटे मंतोष कुमार के साथ हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद ही पति पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए सुप्रिया को घर से निकाल देने की बात सामने आई है. इसके बाद सुप्रिया अपने मायके पहुंची और उसके माता-पिता ने कई बार ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला नहीं सुलझा।
इधर, मंतोष कुमार ने महिला थाना गर्दनीबाग में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती है. वहीं, सुप्रिया का कहना है कि पति के आरोप गलत हैं. उसका आरोप है कि मंतोष का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध है, जिसके कारण वह उसे साथ नहीं रखना चाहता. सुप्रिया के अनुसार, पति अपनी कमाई का अधिकांश पैसा भी भाभी को देता है. सुप्रिया ने परसा बाजार और गर्दनीबाग थाने में भी पति के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत किए जाने की बात कही है।
शुक्रवार को सुप्रिया अपने माता-पिता और महिला पुरुष हेल्प मंच की महिला सदस्यों के साथ सकरैचा स्थित ससुराल पहुंची. वहां पति और ससुराल पक्ष के लोग नहीं मिले. इसके बाद सभी लोग चंदाचक-कुरथौल स्थित मंतोष कुमार के झोपड़ीनुमा आवास के पास पहुंचे. काफी देर तक सुप्रिया अपने माता-पिता और मंच की सदस्यों के साथ वहां मौजूद रही. इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
महिला पुरुष हेल्प मंच के सदस्यों का कहना था कि शादी के बाद पत्नी को घर में नहीं रखना उसके अधिकार और सम्मान से जुड़ा मामला है. इसी को लेकर वे सुप्रिया को उसके ससुराल में प्रवेश दिलाने के लिए वहां पहुंचे थे. घर में ताला लगा होने के कारण ताला खोलकर सुप्रिया को घर में प्रवेश कराने की बात कही गई. मौके पर पुलिस को भी सूचना दी गई और पुलिस के पहुंचने का इंतजार किया जाता रहा।
