अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा से सटे घूरना थाना क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 242 किलो गांजा बरामद किया है। हालांकि, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात डूबरबन्ना बीओपी अंतर्गत सीमा स्तंभ संख्या 194 के समीप की गई।
जानकारी के अनुसार, सीमा क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसएसबी और घूरना पुलिस की संयुक्त टीम अभियान चला रही थी। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 194 के समीप कार्रवाई करते हुए 242 किलो गांजा बरामद किया गया। मौके पर मौजूद तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।
यह अभियान एसएसबी इंस्पेक्टर एस.एच. प्रणय विश्वास एवं घूरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों और पुलिस बल ने चलाया। संयुक्त कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। प्रभारी थानाध्यक्ष मणि लाल मांझी ने कहा फिलहाल एसएसबी के आवेदन पर कांड दर्ज कर, फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द आरोपी पुलिस के गिरफ्त में होगा।
