अमेठी, (न्यूज़ क्राइम 24) जगदीशपुर में दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट है। शुक्रवार शाम डीएम शशांक चौधरी और एसपी सर्वणन टी ने कस्बे में फ्लैग मार्च किया। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और कहा कि त्योहारों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
अधिकारियों ने पूजा पंडालों, मूर्ति स्थापना स्थलों, सड़कों, बिजली के खंभों और अतिक्रमण की स्थिति जांची। पीडब्ल्यूडी को 11 अक्टूबर से पहले सड़क मरम्मत का काम पूरा करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अधिकारियों को सतर्क रहने और तालमेल से काम करने को कहा गया है। लोगों से अपील की गई है कि दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन भाईचारे से मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
इस दौरान उपजिलाधिकारी नितेश राज, सीओ अतुल सिंह और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौजूद थे।
