कटिहार, (न्यूज़ क्राइम 24) जिलाधिकारी, कटिहार के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में निर्धारित बुधवार को वृहद स्तर पर गैर संचारी रोग (Non-Communicable Diseases) स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत आज जिले को कुल 24,400 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध 21,580 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। एनसीडी स्क्रीनिंग के दौरान विशेष रूप से 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों में हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज की जांच की जा रही है। जांच में पाए गए मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक उपचार, निःशुल्क दवाओं तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
2 सितंबर से 30 सितंबर तक 5.92 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग :
2 सितंबर से प्रारंभ हुए वृहद एनसीडी अभियान के तहत जिले का निर्धारित लक्ष्य 7,07,600 लोगों की स्क्रीनिंग का है। इसके विरुद्ध अब तक 5,92,084 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को पंचायत स्तर तक लगातार सघन रूप से संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
प्रत्येक बुधवार पंचायतों में संध्या चौपाल, सेवाप्रदाता और लाभुक के बीच दूरी पाटने की पहल :
जिलाधिकारी, कटिहार आशुतोष द्विवेदी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में आज संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। संध्या चौपाल का उद्देश्य पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं समीक्षा को जनसामान्य के बीच ले जाना तथा सेवा देने वाले विभागों और सेवाओं का लाभ लेने वाले लोगों के बीच की दूरी को कम करना है।
दिनभर के विभागीय कार्यों के बाद पंचायत स्तर पर आयोजित संध्या चौपाल में स्थानीय लोगों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में संवाद किया जा रहा है। इसके माध्यम से आम लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझकर संबंधित विभागों के स्तर पर समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। संध्या चौपाल को पंचायत स्तर पर जनभागीदारी, जागरूकता और सेवा की पहुंच को मजबूत करने वाले प्रभावी मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सीएचओ एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की जिला स्तर पर समीक्षा, गुणवत्ता सुधार के निर्देश :
जिले में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के बेहतर संचालन एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के कार्यों की जिला स्तर पर समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान CHO को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं निर्धारित कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं लाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पंचायत एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्तर पर किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा जारी रहेगी।
जिला स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव, शत-प्रतिशत फोर्थ ANC, 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की NCD स्क्रीनिंग तथा हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज से ग्रसित मरीजों को निःशुल्क दवा एवं नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी, कटिहार के मार्गदर्शन में इन सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की निरंतर समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।
