बिहार

पटना वीमेंस कॉलेज में कैंसर जागरूकता पर अतिथि व्याख्यान आयोजित

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना वीमेंस कॉलेज के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की ओर से अपने एमओयू सहयोगी सेंट फिलोमेना कॉलेज, मैसूर, कर्नाटक के सहयोग से 29 सितंबर को ‘कैंसर जागरूकता’ विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विज्ञान भवन स्थित एमवीईआईसी हॉल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष डॉ. जया फिलिप ने अतिथि वक्ताओं का पौधा भेंट कर स्वागत करते हुए की। उन्होंने कैंसर के प्रति जागरूकता के महत्व और युवाओं के बीच स्वास्थ्य शिक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला तथा कार्यक्रम की पृष्ठभूमि से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम में महावीर कैंसर संस्थान, पटना की एसोसिएट डायरेक्टर एवं रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विनिता त्रिवेदी और वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. रिचा चौहान ने अतिथि वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। दोनों विशेषज्ञों ने कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान और जनस्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी साझा की। उन्होंने कैंसर से संबंधित चिकित्सकीय एवं व्यावहारिक पहलुओं को सरल तरीके से समझाया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को कैंसर से संबंधित वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराना और बीमारी से जुड़े सामान्य मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करना था। इस दौरान खुले संवाद सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें दोनों महाविद्यालयों की छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। छात्राओं ने कैंसर के चिकित्सकीय एवं सामाजिक पहलुओं से जुड़े सवाल पूछे और विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का समापन डॉ. प्रीति स्वरूपा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने अतिथि वक्ताओं, महाविद्यालय प्रबंधन, संकाय सदस्यों और दोनों संस्थानों से उपस्थित प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उमैमा बारी एवं अमल फैयाज ने किया। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ ज्ञानार्जन और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Related posts

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने जमालपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया

महावीर मंदिर में सजेगा माता का भव्य दरबार, 3D पंडाल निर्माण शुरू

‘आँगन का मिलन’ कार्यक्रम देता है सामाजिक समरसता और आत्मीयता का संदेश : रत्नेश कुशवाहा

error: