रामपुर/शाहबाद, अवनीत कुमार शर्मा : तहसील क्षेत्र के रवानी पट्टी गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। धान के गोदाम में बैठे 16 वर्षीय किशोर के ऊपर अचानक लिंटर भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में दबने से किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां परवीन और पिता आकिल का रो-रोकर बुरा हाल है।रवानी पट्टी गांव निवासी आकिल धान का कारोबार करते हैं। रविवार शाम करीब 4:30 बजे उनका 16 वर्षीय बेटा अजीम धान के गोदाम में बैठा हुआ था। इसी दौरान लिंटर अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ा। अजीम उसके नीचे दब गया।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े और मलबा हटाकर किशोर को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही सीओ देवकीनंदन और एसडीएम आदेश कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस और ग्रामीणों ने राहत-बचाव कार्य कराया। हादसे में किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुई बेटे की मौत से माता-पिता बेसुध हैं। घटना से गांव में भी मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कार्रवाई से इनकार कर दिया।
