पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) युवाओं को भारतीय एवं सनातन संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से राजधानी पटना में पहली बार तीन दिवसीय ‘कृष्णोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यूथ एलायंस फॉर सोशल हारमोनी एंड एनवायरनमेंट की ओर से 2 से 4 सितंबर तक मिलर ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक, धार्मिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रृंखला देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। कृष्णोत्सव का प्रमुख आकर्षण दही-हांडी प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹2,51,000, द्वितीय स्थान की टीम को ₹1,51,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹1,01,000 का पुरस्कार दिया जाएगा। कई टीमों ने प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन भी करा लिया है।
बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य सायण कुणाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि महोत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संगीत और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना तथा युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने पटना और बिहार के लोगों से सपरिवार इस आयोजन में शामिल होने की अपील की।
तीन दिनों तक होंगे विविध कार्यक्रम-
2 सितंबर को राष्ट्रीय गान, राष्ट्रीय गीत और बिहार गान के साथ कृष्णोत्सव का शुभारंभ होगा। विश्वविख्यात शंख एवं डमरू वादक डॉ. पंडित बिपिन कुमार मिश्रा द्वारा मंगलाचरण एवं शंखनाद किया जाएगा। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बांसुरी वादक एवं गायक उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन और चाहत हुसैन की प्रस्तुति होगी। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं दर्शन पर परिचर्चा और प्रवचन के साथ प्रिंस डांस ग्रुप की प्रस्तुति तथा पार्श्वगायक सत्येंद्र संगीत की भजन संध्या भी आयोजित होगी।
3 सितंबर को उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन एवं चाहत हुसैन की बांसुरी जुगलबंदी, बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन होगा। 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पारंपरिक सोहर एवं बधाई गायन, लाइव भांगड़ा, भक्ति डीजे और दही-हांडी प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण होंगे। विजेता टीमों को पुरस्कार वितरण के बाद महाप्रसाद एवं फलाहार वितरण के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में देश-विदेश के कई जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दही-हांडी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए 7903370000 नंबर पर संपर्क कर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सायण कुणाल के अलावा डॉ. निम्मी रानी, गुरविंदर सिंह, नवनीत सिंह, परिमल राज, इंद्रमोहन टुन्ना और अनमोल चंदन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
