पटना, नरेश अग्रवाल : बिहार के स्कूली बच्चों के लिए बड़ी सौगात। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप का शुभारंभ किया।
इस ऐप के जरिए कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को 24 घंटे, सातों दिन लाइव शिक्षकों से पढ़ने की सुविधा मिलेगी। छात्र अपने पसंद के शिक्षक से वन-टू-वन बात कर अपनी शंका दूर कर सकेंगे।
ऐप की मुख्य बातें :
- 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के करीब 3 लाख छात्रों को मिलेगा लाभ
- 75 हजार शिक्षक 24×7 लाइव ट्यूटर सपोर्ट के लिए रहेंगे उपलब्ध
- AI टूल्स के जरिए कॉन्सेप्ट लर्निंग और अनलिमिटेड पढ़ाई की सुविधा
- बिहार बोर्ड के साथ-साथ JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल स्टडी मटेरियल
- 9वीं-10वीं के सभी विषय और 11वीं-12वीं साइंस के छात्रों को मिलेगा सपोर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है। छात्र जब चाहे, जहां से चाहे अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्या का समाधान पा सकेंगे। इस व्यवस्था को जल्द ही राज्य के अन्य विद्यालयों में भी विस्तारित किया जाएगा।
कार्यक्रम में शास्त्रीनगर गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं जान्हवी और जिया ने ऐप का डेमो भी दिखाया। इस मौके पर दोनों उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित तमाम वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
