सोहना, सुशीला देवी : गुड़गांव रोहित गोदारा और लिपिन नेहरा गिरोह के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सोहना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी संगठित अपराध, रंगदारी और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो संभावित हत्याओं की साजिश नाकाम हो गई।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के चार विदेशी पिस्टल, जिनमें एक जिगाना और तीन PX30 पिस्टल शामिल हैं, दो देसी पिस्टल, एक राइफल, 33 जिंदा कारतूस, नौ मैगजीन और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम निवासी हरियाहेड़ा, सोहना, मोहित निवासी मान्दक टप्पल, अलीगढ़, नरेंद्र उर्फ सोनू निवासी अलीपुर, सोहना, ललित निवासी रानियावास, कोटकासिम अलवर, दयाराम निवासी भूड़का, बिलासपुर और आर्यन उर्फ रितेश निवासी जटवाड़ा, सालावास, झज्जर के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पुरानी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष के दो लोगों की हत्या की फिराक में थे। इसके लिए हथियार जुटाकर वारदात की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने 19 अगस्त को अलीपुर मोड़,भोंडसी क्षेत्र से चार आरोपियों को दबोचा, जबकि पूछताछ के बाद दयाराम और आर्यन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों से विदेश में बैठे सहयोगियों के संपर्क में रहते थे। रंगदारी वसूली, हथियारों की व्यवस्था और शूटर्स के जरिए वारदात कराने की योजनाएं बनाई जाती थीं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नरेंद्र पर 21, सलीम पर 10, दयाराम पर 5, आर्यन पर 4 और मोहित पर 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या हत्या का प्रयास रंगदारी, लूट, धमकी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियार सप्लायरों और शूटर्स की तलाश में जुटी है।
