बिहार

कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में ग्रीन डे सह सावन उत्सव, बच्चों ने बिखेरी हरियाली और संस्कृति की छटा

फुलवारीशरीफ, अजीत। कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर, पुलिस कॉलोनी, अनीसाबाद में ग्रीन डे सह सावन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बच्चों ने प्रकृति, हरियाली और भारतीय लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया. विद्यालय परिसर को हरे रंग की सजावट, पौधों, पत्तियों, फूलों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों से सजाया गया था.

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रबंध निदेशक उषा कुमारी और प्रधानाचार्या अंकिता कुमारी की उपस्थिति में हुई. ग्रीन डे के अवसर पर छात्र-छात्राएं हरे रंग की आकर्षक पोशाक पहनकर विद्यालय पहुंचे. नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, नृत्य और विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रकृति के प्रति अपने प्रेम का इजहार किया.

इस दौरान बच्चों को पेड़-पौधों के महत्व, स्वच्छ पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया. शिक्षिकाओं ने बच्चों को बताया कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है और हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए.

सावन उत्सव में बच्चों ने पारंपरिक गीतों और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं. सावन की हरियाली, झूले, लोकगीत और भारतीय संस्कृति से जुड़ी झलकियों ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया. पारंपरिक परिधानों में बच्चों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।

प्रबंध निदेशक उषा कुमारी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें प्रकृति, पर्यावरण, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी जरूरी है. ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। प्रधानाचार्या अंकिता कुमारी ने कहा कि ग्रीन डे और सावन उत्सव बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीखने का भी अवसर है. बचपन से ही बच्चों में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है।

Related posts

सैदाबाद गांव में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल, युवाओं ने 22 बीघे के तालाब किनारे लगाए 200 पौधे

हाई स्कूल सपोर्ट प्रोग्राम के अंतर्गत पटना के दो बालिका उच्च विद्यालयों का भ्रमण

सुखद शनिवार में बच्चों ने कबाड़ से बनाई सुंदर राखियां, सीखीं स्वच्छता और रचनात्मकता की बातें

error: