पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना वीमेंस कॉलेज में काइज़ेन-कॉमर्स एंड मैनेजमेंट क्लब की ओर से आज विश्व उद्यमी दिवस के अवसर पर विज्ञान ब्लॉक स्थित एम.वी.ई.आई.सी. हॉल में ‘बिजनेस थिंक टैंक’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन शार्क टैंक शैली में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने उद्यमिता एवं व्यावसायिक विचारों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नए विचारों के साथ आगे बढ़ने, आत्मविश्वास के साथ अपनी सोच प्रस्तुत करने और व्यावसायिक क्षेत्र में अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए मंच प्रदान करना था।प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न व्यावसायिक विचारों को निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के लिए निर्णायक मंडल में पटना वीमेंस कॉलेज के विज्ञापन एवं विपणन प्रबंधन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शाज़िया रहमान, व्यवसाय प्रशासन विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. कुमारी प्रिया तथा वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापक खुशी कुमारी शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत करते हुए निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित करने का प्रयास किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अपने विचारों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने और भविष्य के लिए नए एवं उपयोगी व्यावसायिक विचार विकसित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में कोड 3 ‘डग बग’ की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कोड 9 ‘टीम फाल्कन’ को द्वितीय तथा कोड 8 ‘द न्यूट्री स्क्वाड’ को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता टीमों को सम्मानित करने के साथ आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन गौतम सौरभ, समन्वयक, काइज़ेन-कॉमर्स एंड मैनेजमेंट क्लब तथा योशा सिंह, सह-समन्वयक, काइज़ेन-कॉमर्स एंड मैनेजमेंट क्लब के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थाओं में काइज़ेन की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कॉलेज में आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार और व्यवसाय के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं सोच को सामने रखने का अवसर दिया। आयोजन ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
