बिहार

कोसी नदी में फिसलकर गिरा सात माह की बच्ची का पिता, दो दिन बाद भी नहीं मिला सुराग; परिवार में मचा कोहराम

अररिया, रंजीत ठाकुर। फुलकाहा थाना क्षेत्र के अचरा पंचायत के वार्ड संख्या-07 निवासी 28 वर्षीय संजीव कुमार शर्मा सावन की तीसरी सोमवारी के दिन कोसी बराज, वीरपुर में जल भरने के दौरान अचानक पैर फिसलने से कोसी नदी में जा गिरे। घटना के बाद से संजीव लापता हैं। दो दिन बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है।

बताया जा रहा है कि संजीव कुमार शर्मा, पिता अरुण शर्मा, अपने दोस्तों के साथ सावन की सोमवारी पर कोसी बराज पहुंचे थे। इसी दौरान जल भरने के क्रम में उनका पैर फिसल गया और देखते ही देखते वे तेज बहाव वाली कोसी नदी में जा गिरे। घटना का वीडियो उनके दोस्तों ने बना लिया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना की खबर मिलते ही पूरे अचरा पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई। संजीव के घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी रूबी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। परिजनों को अब भी उम्मीद है कि संजीव सकुशल मिल जाएं, लेकिन लगातार दूसरे दिन भी उनका पता नहीं चलने से परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है।

मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा था संजीव-

स्थानीय लोगों के अनुसार संजीव दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनका एक छोटा भाई बाहर रहकर मजदूरी करता है, जबकि संजीव पंचायत क्षेत्र में ही मजदूरी एवं अन्य कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे अपने पीछे करीब 90 वर्षीय दादी, 60 वर्षीय पिता, 22 वर्षीय पत्नी रूबी देवी और महज सात माह की दूधमुंही बच्ची को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही सामान्य थी और संजीव ही परिवार के लिए प्रमुख सहारा थे।

पंचायत की मुखिया निर्मला देवी ने बताया कि संजीव बेहद मेहनती, मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। वे पंचायत में लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत अनुरक्षण कर्मी के रूप में कार्यरत थे और पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य का निर्वहन करते थे।

मुखिया ने कहा कि घटना को दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक संजीव की बरामदगी नहीं हो सकी है। उन्होंने सुपौल जिला प्रशासन एवं पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए संजीव की तलाश में तेजी लाने की मांग की है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि कोसी की तेज धारा में लापता हुए संजीव कुमार शर्मा जीवित हैं या उनके साथ कोई अनहोनी हो चुकी है। परिवार और ग्रामीण बेसब्री से उनके मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Related posts

पंचायत सरकार भवनों को पूरी तरह क्रियाशील रखें : डी एम

डीएम ने किया निरीक्षण, इंटीग्रेटेड फार्मिंग से महादलित टोले के लोगों को मिलेगा रोजगार

जहानाबाद एसपी के जनता दरबार में सुनी गईं आमजनों की समस्याएं

error: