पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना वीमेंस कॉलेज के वाणिज्य विभाग के कराधान एवं लेखापरीक्षा विभाग की ओर से बुधवार, 12 अगस्त 2026 को “कॉर्पोरेट गवर्नेंस एवं सेक्रेटेरियल स्टैंडर्ड्स: एक पारदर्शी भारत की ओर” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के एमवीर्ड आईसी हॉल में आयोजित हुआ। कार्यशाला की संसाधन व्यक्ति डॉ. (सीएस) माला कुमारी उपाध्याय, एसोसिएट प्रोफेसर, कंपनी सेक्रेटरी, लेखिका एवं शोधकर्ता रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथि के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई। विभागाध्यक्ष सीएस श्वेता शाह ने अतिथि को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यशाला के दौरान एक मजबूत एवं पारदर्शी कॉर्पोरेट व्यवस्था के निर्माण में सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही, अनुपालन और नैतिक कार्यप्रणाली के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. माला कुमारी उपाध्याय ने बताया कि सेक्रेटेरियल स्टैंडर्ड्स कॉर्पोरेट प्रक्रियाओं में अनुपालन, एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण संरचना प्रदान करते हैं। इससे कॉर्पोरेट गवर्नेंस के व्यापक सिद्धांतों को मजबूती मिलती है।
कार्यशाला में व्यावहारिक और अनुप्रयोग आधारित दृष्टिकोण अपनाते हुए विभिन्न केस लॉ और वास्तविक कॉर्पोरेट परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि कॉर्पोरेट गवर्नेंस और सेक्रेटेरियल स्टैंडर्ड्स के सिद्धांतों को वास्तविक परिस्थितियों में किस प्रकार लागू किया जाता है।
कार्यक्रम में बी.कॉम. (ऑनर्स) कॉमर्स प्रोफेशनल के सेमेस्टर-III एवं V तथा बी.कॉम. (ऑनर्स) टैक्सेशन एंड ऑडिटिंग के सेमेस्टर-I के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. सुफिया फातिमा, सीए चिरंतन भट्टाचार्य, सुश्री मोना कुमारी एवं सुश्री सोहिनी प्रिया सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेमेस्टर-III की क़मरुन्निसा रज़वी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सेमेस्टर-V की मोनालिसा मर्विन ने प्रस्तुत किया। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के महत्व को समझने का अवसर मिला।
