पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित ‘राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम’ में 181 आवेदकों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। सहयोग शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में समस्याओं का समाधान हो रहा है। जिन आवेदकों को जिला स्तर पर संतुष्टि नहीं मिली, उनके लिए यह राज्य स्तरीय व्यवस्था की गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त रखना सुनिश्चित करें। वृद्धा पेंशन और राशन कार्ड के योग्य आवेदकों को तुरंत लाभ दिया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति तकनीकी कारणों से योजना से वंचित न रहे। बरसात के बाद नई सड़कों का काम तेजी से पूरा किया जाए।
सीएम ने कहा कि सभी अधिकारी नागरिकों से सम्मानजनक व्यवहार करें और 30 दिन के अंदर शिकायतों का समाधान करें। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई होगी।
जहानाबाद की प्रिया, मुजफ्फरपुर के विभूति कुमार, नवादा की कांति देवी और सहरसा के शंकर कुमार ने कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम में उप सीएम विजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
