पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) ICMR-RMNIHR, पटना में ICMR SHINE 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 14 स्कूलों से करीब 500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार और स्वास्थ्य अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जैव-चिकित्सा अनुसंधान और वैज्ञानिक नवाचार की दुनिया से परिचित कराया गया। ICMR के महानिदेशक प्रो. डॉ. राजीव बहल ने अपने संदेश में विद्यार्थियों से जिज्ञासु बने रहने, सवाल पूछने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक और नवप्रवर्तक हैं।
वहीं ICMR-RMNIHR, पटना के निदेशक डॉ. कृष्ण पांडेय ने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर विज्ञान को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जनस्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शोध एवं नवाचार की दिशा में काम करने पर जोर दिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वैज्ञानिकों के साथ संवाद सत्र रहा। इसमें विद्यार्थियों ने वैक्सीन विकास, संक्रामक रोग, वेक्टर जनित बीमारियों, प्रयोगशाला अनुसंधान और विज्ञान के क्षेत्र में करियर से जुड़े सवाल पूछे। इसके अलावा विद्यार्थियों ने संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया और VR तकनीक के माध्यम से वर्चुअल लैब का अनुभव भी प्राप्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान और स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसरों तथा संभावनाओं से परिचित कराया गया।
