जहानाबाद, न्यूज़ क्राइम 24। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोमवार को पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड) द्वारा राजकीयकृत मध्य विद्यालय, प्रभातनगर, विशुनगंज में “ऑपरेशन विधि पालक युवक” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस दीदी टीम ने बच्चों को साइबर ठगी से सतर्क रहने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही “नया सवेरा 3.0” अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी (Human Trafficking) की रोकथाम एवं महिला उत्थान से जुड़े विषयों पर भी छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के साथ-साथ महिला सुरक्षा एवं सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।
