जहानाबाद, (न्यूज़ क्राइम 24) पुलिस अधीक्षक की ओर से नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श मध्य विद्यालय, ऊंटा परिसर में लोक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना।
लोक संवाद के दौरान नागरिकों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर बिना जांच के भरोसा नहीं करने की सलाह दी।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। लोक संवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और स्थानीय नागरिकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हुआ तथा लोगों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे पुलिस प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला।
