बिहार

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 98 किलो गांजा जब्त!

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र स्थित भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी ने शुक्रवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 98 किलोग्राम गांजा बरामद किया। हालांकि, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर फरार हो गए। इसके बाद एसएसबी ने जब्त गांजे को बथनाहा थाना पुलिस को सौंपते हुए अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई 2026 की अहले सुबह फुलकाहा बीओपी के अधीन ‘आई’ समवाय पथरदेवा की विशेष नाका ड्यूटी के दौरान भारत-नेपाल सीमा के समीप संदिग्ध गतिविधि देखी गई। नेपाल की ओर से 4-5 व्यक्ति सिर पर बोरी लेकर भारतीय सीमा की ओर आते दिखाई दिए। एसएसबी जवानों को देखते ही सभी तस्कर बोरियां फेंककर नेपाल की ओर भाग निकले। जवानों ने मौके से चार बोरियां बरामद कीं। स्वतंत्र गवाहों एवं राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर बोरियों से प्लास्टिक पैकेटों में रखा गांजा बरामद हुआ। एनडीपीएस किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई।

डिजिटल वजन मशीन से तौलने पर चारों बोरियों का कुल वजन 98 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद बरामद गांजे को विधिवत जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई तथा पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। जब्त गांजा, जब्ती सूची एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज बथनाहा थाना को सुपुर्द करते हुए अज्ञात तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई का अनुरोध किया गया। इस संबंध में उप निरीक्षक (सामान्य) अतनु दुलाई, ‘आई’ समवाय पथरदेवा, 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा थाना बथनाहा को आवेदन सौंपा गया है। यह कार्रवाई बीओपी प्रभारी सहायक कमांडेंट राणा कुमार के निर्देशन में कैंप प्रभारी उप निरीक्षक अतनु दुलाई के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। बीओपी प्रभारी सहायक कमांडेंट राणा कुमार ने बताया कि एसएसबी के जवान भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैदी से तैनात हैं। इसके बावजूद तस्कर मादक पदार्थों की तस्करी का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तस्करों के मंसूबों को विफल करने के लिए एसएसबी द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी हर परिस्थिति में ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related posts

शेखपुरा में प्रभात फेरी से लेकर सम्मान तक, उल्लास के साथ मना 32वाँ स्थापना दिवस

पटना में 32.71 लाख की प्रतिबंधित नशीली दवाएं जब्त, एक गिरफ्तार!

शेखपुरा में मेहूस पंचायत में खुली मिलेट दुकान, किसानों और महिला उद्यमियों को मिलेगा बढ़ावा

error: