बिहार

श्रावणी मेला 2026 को लेकर अलर्ट मोड में शेखपुरा प्रशासन, डीएम ने कुसेढ़ी और गिरिहिंडा का किया निरीक्षण

शेखपुरा, उमेश कुमार : पवित्र श्रावणी मेले में आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने बरबीघा प्रखंड के प्रसिद्ध कुसेढ़ी पंचवदन स्थान और शेखपुरा स्थित ऐतिहासिक गिरिहिंडा पहाड़ पर विराजमान बाबा कामेश्वर नाथ मंदिर का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि श्रावणी मेले के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल चढ़ाने और दर्शन-पूजन के लिए यहां पहुंचते हैं। किसी भी भक्त को असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने दिए ये अहम निर्देश

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निम्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा:

  1. आधारभूत सुविधा: मेले में आने वाले भक्तों के लिए शुद्ध पेयजल और साफ-सुथरे शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था।
  2. प्रकाश और भीड़ नियंत्रण: पूरे मंदिर प्रांगण व पहुंच मार्गों पर पर्याप्त लाइट। भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह ड्रॉप गेट का निर्माण।
  3. यातायात और पार्किंग: वाहनों के सुचारू आवागमन और जाम से निपटने के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल का निर्धारण।
  4. सुरक्षा: अनुमंडल अधिकारी स्तर से मेले के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

गिरिहिंडा पार्क को मिलेगा नया रूप

पर्यटन और बच्चों के मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीएम ने गिरिहिंडा पहाड़ स्थित पार्क का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर कार्यपालक पदाधिकारी, शेखपुरा को पार्क को और अधिक सुंदर व आकर्षक बनाने के साथ बच्चों के खेलने के लिए नए झूले और खेल-कूद के सामान लगाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, BDO, CO शेखपुरा एवं बरबीघा सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासनिक टीम ने आश्वस्त किया कि श्रद्धालुओं की भक्ति यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी।

Related posts

शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं पारदर्शिता के साथ बांकीपुर विधान सभा का उपचुनाव संपन्न

नगर निगम कर्मियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू

“हर घर तिरंगा” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का महापर्व : जिलाधिकारी

error: