पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) श्रावण मास में शिवभक्तों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पहलेजा से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक कांवरिया पथ का पथ निर्माण मंत्री शैलेन्द्र ने विभागीय अधिकारियों एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान कांवरिया पथ की साफ-सफाई, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सुल्तानगंज की तर्ज पर पहलेजा से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक लगभग 50 किलोमीटर लंबा एवं 6 मीटर चौड़ा स्थायी कच्चा कांवरिया पथ विकसित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रस्तावित पथ NHAI की भूमि पर विकसित किया जाएगा। अधिकारियों को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आवश्यक कागजी एवं विभागीय प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में शिवभक्तों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक कांवर यात्रा का लाभ मिल सके। इस अवसर पर कहा गया कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए उनकी यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रस्तावित स्थायी कांवरिया पथ बनने से लाखों शिवभक्तों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
