पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम के तहत श्री गुरु गोविंद सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विशेष शैक्षणिक सत्र में संस्था की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. रुक्मिणी बनर्जी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से अनुत्तीर्ण बालिकाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। डॉ. बनर्जी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, बोर्ड परीक्षा की तैयारी और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि असफलता किसी विद्यार्थी की अंतिम पहचान नहीं होती, बल्कि यह सीखने और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान गणित विषय को सरल और रुचिकर बनाने के उद्देश्य से विशेष सत्र आयोजित किया गया।
इसमें छात्राओं को गणितीय अवधारणाओं को आसान तरीके से समझने, प्रश्न हल करने की तकनीकों तथा नियमित अभ्यास के महत्व की जानकारी दी गई। डॉ. बनर्जी ने कहा कि मूलभूत अवधारणाओं की अच्छी समझ और लगातार अभ्यास से गणित जैसे चुनौतीपूर्ण विषय में भी बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।
इस अवसर पर उन छात्राओं से भी संवाद किया गया, जिन्होंने पिछले वर्ष ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम से जुड़कर बिहार बोर्ड परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थी। छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित कक्षाओं, शिक्षकों के मार्गदर्शन और सतत अभ्यास ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रेरक अनुभवों का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, ताकि अन्य छात्राएं भी उससे प्रेरणा लेकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन का ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम बिहार बोर्ड से अनुत्तीर्ण बालिकाओं को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी शैक्षणिक क्षमता को मजबूत बनाने और बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के रीजनल हेड संजय कुमार, स्टेट हेड मो. नैयर आलम, राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
