पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा एनएच-31 के औंटा–सिमरिया (गंगा पुल एवं एप्रोच रोड) खंड पर स्थित सिमरिया सिक्स-लेन पुल के पियर P12 एवं P13A के बीच एक्सपेंशन जॉइंट के प्रतिस्थापन का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे की तकनीकी निरीक्षण रिपोर्ट एवं अनुशंसाओं के आधार पर किया जा रहा है। NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी आर. वेंकटेश्वरलु ने बताया कि IIT बॉम्बे द्वारा पुल का नियमित तकनीकी निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के बाद विशेषज्ञों की सिफारिश पर एक्सपेंशन जॉइंट को बदलने का निर्णय लिया गया, ताकि पुल की संरचनात्मक मजबूती और सुरक्षा बनी रहे।
उन्होंने बताया कि एक्सपेंशन जॉइंट पुल का एक महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्सा होता है, जो तापमान में बदलाव, वाहनों के भार और संरचनात्मक हलचल के अनुसार पुल को आवश्यक लचीलापन प्रदान करता है। समय-समय पर विशेषज्ञों द्वारा निरीक्षण के बाद आवश्यकता पड़ने पर ऐसे हिस्सों का अनुरक्षण या प्रतिस्थापन किया जाता है। यह आधुनिक पुलों के निवारक अनुरक्षण (Preventive Maintenance) का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे संभावित समस्याओं को समय रहते दूर कर पुल की दीर्घकालिक सुरक्षा, स्थायित्व और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाता है।
क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में मरम्मत कार्य पुल के केवल एक सीमित हिस्से में किया जा रहा है। इस दौरान भी पुल पर वाहनों का आवागमन जारी है और यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद यातायात पूरी तरह सामान्य हो जाएगा। NHAI ने स्पष्ट किया है कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय राजमार्ग परिसंपत्तियों की दीर्घकालिक विश्वसनीयता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रमुख पुलों एवं अन्य संरचनाओं का नियमित तकनीकी निरीक्षण कराया जाता है तथा विशेषज्ञों की अनुशंसाओं के अनुसार समयबद्ध अनुरक्षण कार्य किए जाते हैं।
