बिहार

छपरा-दिल्ली और मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, बिहार में बुलेट ट्रेन नेटवर्क का भी ऐलान

पटना/छपरा, (न्यूज़ क्राइम 24) केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को छपरा जंक्शन पर आयोजित समारोह में छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस, मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-औंड़िहार ट्रेन सेवा के वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न रेल परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।

समारोह के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन नई रेल सेवाओं के शुरू होने से छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर और दिल्ली के बीच बेहतर एवं सुविधाजनक रेल संपर्क स्थापित होगा। उन्होंने बताया कि बिहार में रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है और राज्य में तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, रेलवे ओवरब्रिज तथा स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तेजी से चल रहा है।

रेल मंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिहार के 98 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार में वर्तमान में 14 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है और आने वाले समय में राज्य को बुलेट ट्रेन नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा। प्रस्तावित योजना के अनुसार दिल्ली-लखनऊ-वाराणसी-पटना तथा पटना से सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे दिल्ली से पटना की दूरी महज 4 घंटे 41 मिनट में तय की जा सकेगी।

Advertisements
Ad 1

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में रेलवे क्षेत्र का तेजी से विकास हुआ है। वर्ष 2014 के बाद राज्य में 2034 किलोमीटर नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है। साथ ही मढ़ौरा लोकोमोटिव फैक्ट्री से गिनी गणराज्य को निर्यात होने वाले 51वें रेल इंजन को भी रवाना किया गया, जो बिहार के औद्योगिक विकास का प्रतीक है।

वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर को बिहार और छपरा के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है तथा राज्य के 38 में से 36 जिले रेल नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बिहार में प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं घोसी सांसद राजीव राय सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नई रेल सेवाओं के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related posts

NEET परीक्षा को लेकर पटना में ट्रैफिक रूट बदला, परीक्षार्थियों से समय पर निकलने की अपील

पटना पश्चिमी क्षेत्र में पुलिस का विशेष अभियान : 40 अभियुक्त गिरफ्तार, 7 ने किया आत्मसमर्पण

संदेह के आधार पर कानून हाथ में लेने की घटना निंदनीय, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : मंत्री लखेंद्र पासवान

error: