पटना, न्यूज़ क्राइम 24। बिहार में नशा और अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में नदी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक, अवैध हथियार, कारतूस और लाखों रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 मई 2025 को आसूचना संकलन के दौरान करीब 11:30 बजे दिन में कच्ची दरगाह स्थित मजार के पास से पुलिस ने जेठुली निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 पुड़िया स्मैक (कोटा) बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 9.15 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने जब गिरफ्तार अभियुक्त के एंड्रॉयड मोबाइल की जांच की तो उसमें अवैध हथियार, कारतूस एवं नगदी के साथ उसकी तस्वीरें मिलीं। इसके बाद थानाध्यक्ष नदी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान घर के पिछले हिस्से में प्याज भंडारण कक्ष के पास फ्लाई बोर्ड से छिपाकर रखा गया एक अवैध एकनाली राइफल बरामद किया गया। वहीं आरोपी के कमरे में रखे कार्टून से 9.15 ग्राम स्मैक, 8 एमएम KF अंकित दो जिंदा कारतूस तथा गोदरेज लॉकर से 4 लाख 28 हजार 150 रुपये नकद बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार, पटना निवासी के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में पु०अ०नि० सद्दाम हुसैन, पु०अ०नि० विवेक कुमार, स०अ०नि० संताणु कुमार, स०अ०नि० शंभू पासवान, पीटीसी राजेश कुमार सहित बीएमपी, गृहरक्षक एवं जिला बल के जवान शामिल थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
