बिहार

बिहार : 80 नए अग्निशमन वाहनों और AI आधारित कंट्रोल रूम का CM ने किया लोकार्पण

पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को गांधी मैदान में बिहार अग्निशमन सेवा के सुदृढ़ीकरण के लिए 80 नए अत्याधुनिक अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर लोकार्पण किया। इसी दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित आधुनिक अग्निशमन नियंत्रण कक्ष का रिमोट से उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निशमन सेवा के जवान वीर योद्धा हैं। आपदा की घड़ी में आप सभी पूरी तत्परता से दूसरों का जीवन बचाते हैं ताकि आपदा, विपदा न बने। बिहार अग्निशमन सेवा में वर्तमान में 8000 से अधिक प्रशिक्षित जवान हैं।

उन्होंने बताया कि बिहार आपदा प्रभावित राज्य है जहां अग्निकांड, बाढ़, भूकंप आते रहते हैं। ऐसे में अग्निशमन सेवा के जवान अपनी कार्यकुशलता और दक्षता से प्रदेशवासियों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जवानों से अपील की कि उद्योगों के विस्तार और बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी सुनिश्चित करें।

AI पर जोर, कॉस्ट कटिंग की बात

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से AI अपनाने को कहा। उन्होंने बताया कि AI की मदद से इस्टिमेट में 5-6% तक कॉस्ट कटिंग संभव है। अब कोई भी विभाग बिना AI से चेक कराए किसी इस्टिमेट को स्वीकृति न दे।

Advertisements
Ad 1

कार्यक्रम में न्यूमेटिक एयरलिफ्टिंग बैग, हाइड्रोलिक डोर ओपनर, स्मोक एग्जॉस्टर, मल्टी गैस डिटेक्टर जैसे आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

सहयोग शिविर पर सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने बताया कि कल से सभी पंचायतों में सहयोग शिविर की फिजिकल शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले आवेदनों का 30 दिन के अंदर निपटारा करना होगा। 31वें दिन संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित माने जाएंगे। आवेदन मिलने के 10वें और 20वें दिन नोटिस जारी कर प्रगति की जानकारी ली जाएगी। मुख्यमंत्री सचिवालय से इसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी।

कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अग्निशमन सेवा के जवानों ने कमांडो प्रदर्शन और वाटर सैल्यूटिंग शो के जरिए अपनी क्षमता दिखाई।

कार्यक्रम में सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, अग्निशमन सेवा की DG शोभा अहोतकर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

पथ निर्माण सचिव ने किया विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण, महीने के अंत तक तैयार होगा बेली ब्रिज

बिहार : LNMU पटना ने 90% छात्रों का प्लेसमेंट कराया, उच्चतम पैकेज 17.35 लाख

शेखपुरा में सांसद अरुण भारती की अध्यक्षता में बैंक समीक्षा बैठक, CD Ratio 40% से कम पर जताई नाराजगी

error: