बिहार

दो दिनों से लापता युवक की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी : रेलवे ट्रैक पर मिला शव, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप लगा रहे परिजन

फुलवारीशरीफ, अजित। राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता युवक की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान धीरा चक निवासी 22 वर्षीय ऑटो चालक चंदन कुमार के रूप में हुई है. युवक का क्षत-विक्षत शव हवाई अड्डा थाना क्षेत्र के पास रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया, जबकि उसका सिर गायब बताया जा रहा है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि चंदन कुमार 12 तारीख को घर से ऑटो चलाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. पहले परिजनों ने अपने स्तर से उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसी बीच 13 तारीख को हवाई अड्डा थाना पुलिस को रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का तीन हिस्सों में कटा शव मिलने की सूचना मिली. शव की हालत बेहद भयावह थी और उसका सिर धड़ से अलग गायब था. पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीआईएमएस भेज दिया था।

शुक्रवार को कपड़े और शरीर पर मौजूद निशानों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान चंदन कुमार के रूप में की. पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि गर्दनीबाग इलाके के रहने वाले छोटू कुमार की पत्नी के साथ चंदन का प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी वजह से उसकी हत्या की गई है. परिजनों का कहना है कि पहले चंदन की हत्या की गई, फिर पहचान छुपाने के लिए शव को काटकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए. लोगों ने अनीसाबाद-फुलवारी मुख्य मार्ग को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और गायब सिर की बरामदगी की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हंगामे की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग लगातार कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. बाद में अधिकारियों द्वारा जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच का भरोसा देने के बाद जाम समाप्त कराया गया।

Advertisements
Ad 1

पटना की एएसपी डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं गायब सिर की तलाश में डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। इस निर्मम हत्या के बाद धीरा चक, चित्रकोर और अनीसाबाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

Related posts

एनसीवीबीडीसी की संयुक्त निदेशक ने किया कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक

विराट रामायण मंदिर में साल के अंत तक स्थापित होंगे भव्य नंदी, सावन में होगी रुद्राभिषेक की विशेष व्यवस्था

फुलवारी शरीफ अवर निबंधन कार्यालय बना बिहार में मिसाल, राजस्व संग्रह के मामले में मिला सातवां स्थान

error: