फुलवारीशरीफ, अजीत। बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बड़ी लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. संपतचक से फतुहा लिंक रोड तक अपराधियों के दुस्साहसिक तांडव से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. हथियारों से लैस बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में सीएमएस कंपनी की कैश वैन को ओवरटेक कर रोक लिया और गार्ड-चालक को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर करीब 27 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना के कुछ दूर खेत में कैशबैक और झोला ल पैकेट फेंका हुआ मिला।
जानकारी के अनुसार सीएमएस कंपनी की कैश मॉल वैन बड़े-बड़े मॉल, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कारोबारी संस्थानों से कैश कलेक्शन कर फतुहा की ओर जा रही थी. इसी दौरान जोलबीघा गांव के समीप दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने वैन को घेर लिया. बदमाशों ने हथियार लहराते हुए चालक को गाड़ी रोकने पर मजबूर कर दिया. अपराधियों ने गार्ड और कर्मियों को आतंकित कर कुछ ही मिनटों में कैश से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने चेहरे ढक रखे थे और पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. बाईपास थाना, रामकृष्ण नगर थाना, गोपालपुर थाना, कंकड़बाग थाना, दीदारगंज थाना और गौरीचक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पूर्वी सिटी एसपी, टाउन एसपी, सेंट्रल एसपी और सीनियर एसपी समेत कई वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. अपराधियों की पहचान और भागने के रूट का पता लगाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. पुलिस कैश वैन के चालक, गनमैन और कस्टोडियन से भी लगातार पूछताछ कर रही है. राजधानी में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट से लोगों में दहशत का माहौल है और कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
