बिहार

फुलवारीशरीफ में फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम की शुरुआत, 600 परिवारों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ

फुलवारीशरीफ, (न्यूज़ क्राइम 24) “स्वस्थ फुलवारी, स्वच्छ फुलवारी, शिक्षित फुलवारी” के संकल्प को साकार करने की दिशा में फुलवारीशरीफ में फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम (FAP) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने किया। यह पहल Patna Medical College and Hospital के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा फुलवारीशरीफ प्रखंड के इस्माइलपुर-ढिबड़ा पंचायत में शुरू की गई है। इस अवसर पर विधायक श्याम रजक ने कहा कि उनका सपना “स्वस्थ फुलवारी, स्वच्छ फुलवारी, शिक्षित फुलवारी” बनाना है, और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है। मेडिकल छात्र जब सीधे समाज के बीच जाकर परिवारों की जिम्मेदारी लेते हैं, तो इससे न सिर्फ बीमारियों की समय पर पहचान होती है, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।” उन्होंने इस पहल को “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की सोच को जमीन पर उतारने वाला प्रभावी माध्यम बताया।

कार्यक्रम के तहत एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं करीब 600 परिवारों को गोद लेकर तीन वर्षों तक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। प्रत्येक छात्र 3 से 5 परिवारों की जिम्मेदारी संभालेंगे और नियमित रूप से उनके स्वास्थ्य की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों की जांच, बीमारियों की पहचान, आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की जांच एवं परामर्श भी दिया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर की योजना के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और मेडिकल छात्रों को जमीनी अनुभव प्रदान करना है। कार्यक्रम में पीएमसीएच इंचार्ज डॉ. अजय कुमार अरुण, फुलवारीशरीफ प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह, मुखिया रवि कुमार, पूर्व मुखिया शैलेन्द्र सिंह, अजीत कुमार पटेल, लालबाबू, अजय रजक, पीएमसीएच के चिकित्सक दल, एमबीबीएस छात्र-छात्राएं सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related posts

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए सख्त निर्देश

निवेश पर तीन गुना मुनाफे और कार-बाइक पर भारी छूट का झांसा, 25 से 30 लोग फंसे

महावीर मंदिर में मां दुर्गा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

error: