फुलवारीशरीफ, अजित यादव। पटना के बेउर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईपास स्थित तेज प्रताप नगर में ड्रग्स विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन, प्रतिबंधित दवाइयां और अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना पर ड्रग्स विभाग की टीम बेउर थाना पहुंची थी, जिसके बाद पुलिस के सहयोग से तेज प्रताप नगर स्थित एक मकान में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें फुल, हाफ और 250 एमएल की बोतलें शामिल हैं। इसके अलावा मौके से करीब 175 पीस प्रतिबंधित और नशीले इंजेक्शन भी जब्त किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यहां अवैध रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार किया जा रहा था।
बेउर थाना अध्यक्ष अफसर हुसैन ने बताया कि छापेमारी के दौरान मकान में मौजूद लोग मौके से फरार हो गए. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान किसका है और इसे किन लोगों ने किराए पर लेकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दिया। पुलिस टीम मकान के अन्य कमरों की भी तलाशी ले रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. हालांकि स्थानीय लोग घटना को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं और स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही इसमें शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसकी कड़ियां अन्य इलाकों से भी जुड़ी हो सकती हैं।
