पटना, न्यूज़ क्राइम 24। पटना के महावीर मंदिर ने एक बार फिर सेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया है। पटना स्थित महावीर मंदिर परिसर में संचालित श्री महावीर स्थान न्यास समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बीएन अग्रवाल ने की। बैठक में महावीर आरोग्य संस्थान के लिए अत्याधुनिक नए भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया। वहीं महावीर कैंसर संस्थान में डी-ब्लॉक का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने पर यह देश का सबसे बड़ा कैंसर अस्पताल बन सकता है। साथ ही कैंसर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए नए PET-CT स्कैन और लीनियर एक्सीलरेटर मशीन की खरीद को मंजूरी दी गई है। आचार्य किशोर कुणाल बाल कैंसर अस्पताल के निर्माण कार्य को भी तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में महावीर वात्सल्य अस्पताल में 10 नए NICU बेड जोड़ने का फैसला लिया गया, जिससे नवजात शिशुओं को बेहतर इलाज मिल सकेगा। वहीं पूर्वी चंपारण में बन रहे विराट रामायण मंदिर परियोजना की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। महावीर मंदिर द्वारा राम रसोई, सीता रसोई और दरिद्र नारायण भोज जैसी योजनाएं लगातार चलाई जा रही हैं। अयोध्या में राम रसोई के माध्यम से रोजाना हजारों लोगों को निःशुल्क भोजन कराया जाता है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा कई अस्पतालों का संचालन किया जा रहा है, जहां कम लागत में इलाज की सुविधा उपलब्ध है। खास बात यह है कि कैंसर पीड़ित बच्चों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाता है। महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल में बुजुर्गों के लिए मात्र 10 रुपए में आजीवन रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जा रही है, जिससे उन्हें भविष्य में इलाज के दौरान विशेष राहत मिल सके।
