अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में शिक्षकों की अनियमित उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति की समीक्षा के बाद करीब 30 शिक्षकों/शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह कार्रवाई प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह समन्वयक, प्रखंड संसाधन केंद्र नरपतगंज द्वारा की गई है। जारी सूची के अनुसार उच्च माध्यमिक विद्यालय सोनापुर, कुन-कुन देवी उच्च विद्यालय फुलकाहा नवाबगंज, उच्च माध्यमिक विद्यालय महेशपट्टी, उच्च माध्यमिक विद्यालय बरदाहा नोनिया टोला, उच्च माध्यमिक विद्यालय नोनिया टोला चकला एवं मध्य विद्यालय सोनापुर के कई शिक्षक मार्च एवं अप्रैल 2026 के दौरान बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए हैं।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रोहित कुमार चौरसिया ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित शिक्षक सात दिनों के भीतर साक्ष्य सहित अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सख्त विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ ‘नो वर्क नो पे’ के तहत वेतन कटौती की जाएगी। छात्रों ने खोली व्यवस्था की पोल इस पूरे मामले में चौंकाने वाला पहलू यह भी सामने आया है कि कुछ छात्र-छात्राओं ने नाम नहीं छापने की शर्त पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते, बल्कि कहीं और से अपनी उपस्थिति दर्ज करवा देते हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है।
छात्रों का यह भी आरोप है कि कुछ शिक्षक आपस में यह कहते सुने गए हैं कि वे “पदाधिकारियों को मैनेज कर लेंगे”, जिसके कारण कार्रवाई का डर नहीं रहता। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज स्थानीय स्तर पर अब इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग उठने लगी है। अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह शिक्षा व्यवस्था के लिए बेहद गंभीर मामला है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। शिक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्तर पर भी जांच कराई जा सकती है।
