पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने सघन सदस्यता अभियान के बाद संगठन चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया 25 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। बताया गया कि 25 अप्रैल को जिलावार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 26 अप्रैल से 15 मई तक सभी जिलों में पंचायत स्तरीय संगठन इकाइयों के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। वहीं 16 मई से 25 मई तक प्रखंड स्तरीय इकाइयों के चुनाव होंगे। इसके अगले चरण में 26 मई से 4 जून तक जिला स्तरीय संगठन इकाइयों के चुनाव आयोजित किए जाएंगे। इसी अवधि में विभिन्न नगर निकाय स्तर पर भी संगठनात्मक चुनाव संपन्न होंगे।
प्रवक्ता नितिन भारती ने बताया कि जिला स्तर के चुनावों के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव 8 जून 2026 (सोमवार) को आयोजित किया जाएगा, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 14 जून 2026 (रविवार) को निर्धारित किया गया है। पार्टी ने इस पूरे चुनाव कार्यक्रम को संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
