पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार द्वारा आज “डॉ. भीमराव अम्बेडकर समग्र शिक्षा समागम” का आयोजन बापू सभागार, पटना में माननीय मंत्री, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार श्री लखेंद्र कुमार रौशन की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में माननीय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, माननीय मंत्रीगण—श्री दिलीप जायसवाल, श्री संजय कुमार सिंह, श्री प्रमोद कुमार, श्री मदन साहनी, श्री रामकृपाल यादव, श्री सुनील कुमार, श्री संजय सिंह टाइगर, श्री अरुण शंकर प्रसाद तथा माननीय विधायक श्री संजीव कुमार चौरसिया, निदेशक श्रीमती प्रियंका रानी,भा. प्र . से. श्री दीवान जाफर खान, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित विभागीय पदाधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 6000 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा संचालित 91 डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालयों के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।साथ ही डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय, गयाघाट की 123 छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने बिहार इंटरमीडिए परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम श्रेणी से सफलता प्राप्त किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री सम्राट चौधरी ने विद्यार्थियों को बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संदेश देते हुए जयंती की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि छात्रावास अनुदान राशि को अप्रैल माह से दोगुना किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान अर्जन के माध्यम से अपने जीवन को समृद्ध बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए माननीय मंत्री श्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभाग की प्रमुख उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि छात्रावास अनुदान राशि ₹1000 से बढ़ाकर ₹2000 प्रति माह प्रति छात्र की जा रही है।
विद्यालय छात्रवृत्ति दर दोगुनी की गई है मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत ₹30,000 से ₹1,00,000 तक की सहायता, जिससे अब तक 6223 अभ्यर्थी लाभान्वित हुए हैं। 38 जिलों में बालिकाओं के लिए 100-सीट छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है। नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना के तहत उच्च शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता देने हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई है। समेकित थरुहट विकास अभिकरण की 357 योजनाओं में से 279 पूर्ण की गई है।
बिहार महादलित विकास मिशन के अंतर्गत 4858 सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड का निर्माण कराया गया है। ‘सहायता’ कॉल सेंटर का 24×7 संचालन किया जा रहा है। विकास मित्रों के माध्यम से विकास रजिस्टर 2.0 का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कार्यकाल के प्रारंभ से ही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संकल्पित है तथा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति जागरूक, अनुशासित एवं अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विभागीय पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में अपर सचिव श्री गौतम पासवान द्वारा धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आए हुए गणमान्य अतिथियों एवं छात्रों का आभार प्रकट किया गया।
