फुलवारीशरीफ, अजित। मध्य पूर्व में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण देश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के माहौल के बीच फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के कई मामलों में वांछित आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गैस सिलेंडर चोरी की घटनाओं में शामिल था और उसकी तलाश की जा रही थी. गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसकी निशानदेही पर संगत पर इलाके में छापेमारी की गई, जहां से 10 खाली एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए।
मौजूदा समय में एलपीजी की किल्लत और आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चित स्थिति के बीच एक साथ 10 सिलेंडरों की बरामदगी को गंभीर माना जा रहा है. आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडरों की चोरी कर उन्हें अवैध तरीके से जमा किया जा रहा था, जिससे कालाबाजारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है.
थाना अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चोरी की घटनाओं में सक्रिय रहा है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और सिलेंडरों को कहां से चोरी कर कहां सप्लाई किया जाता था. स्थानीय स्तर पर हाल के दिनों में गैस आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है. ऐसे में इस तरह की बरामदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी भी संभव है।
