पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में आगामी चैती छठ, ईद और रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. इसी क्रम में गौरीचक थानाध्यक्ष ट्रेनी आईपीएस सुषमा सागर की अध्यक्षता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं बुद्धिजीवियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान थानाध्यक्ष सुषमा सागर ने कहा कि सभी पर्व आपसी सद्भाव और शांति के साथ मनाए जाएं, यही प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इस अवसर पर पर्व के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, जुलूस मार्ग, साफ-सफाई और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेशों को साझा करने से बचें. यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे। पुलिस प्रशासन ने कहा कि सभी पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की गई है और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
