बिहार, मंन्टू ठाकुर : औरंगाबाद जिले में 20 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित “समृद्धि यात्रा” को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। तैयारियों का जायजा लेने खुद डीएम और एसपी मैदान में उतरे।
औरंगाबाद जिले क़े बारुण प्रखंड में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने बारुण प्रखंड के मुंशी बिगहा में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, संपर्क पथ, हेलीपैड और आम लोगों के बैठने की व्यवस्था को लेकर खास जोर दिया गया। डीएम ने साफ निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन, जनप्रतिनिधि और अधिकारियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री द्वारा “सात निश्चय” और अन्य विकास योजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन, समीक्षा बैठक और जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
निर्माणाधीन हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया, जहां अधिकारियों को समय सीमा के अंदर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, पथ निर्माण विभाग को आसपास की सड़कों की मरम्मत और समतलीकरण का काम जल्द पूरा करने को कहा गया।
डीएम और एसपी ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और एंट्री-एग्जिट प्लान को लेकर अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें ताकि कार्यक्रम सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
समृद्धि यात्रा के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके और अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
कुल मिलाकर, औरंगाबाद में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं, और हर स्तर पर इसे सफल बनाने की कवायद जारी है।
