पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव के अवसर पर आगामी 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली 48वीं भव्य शोभायात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार, 17 मार्च को अनुमंडल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटना सिटी अनुमंडल पदाधिकारी सत्यम सहाय, एएसपी राजकिशोर सिंह, विधायक रत्नेश कुशवाहा तथा डॉ. गौरव कुमार समेत श्री राम जन्मोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में शोभायात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन ने बिजली विभाग को निर्देश दिया कि शोभायात्रा मार्ग पर लटकी एवं जर्जर तारों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए, ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। साथ ही वैकल्पिक बिजली व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। नगर निगम को शोभायात्रा से एक दिन पूर्व रात्रि में तथा आयोजन के दिन मार्ग की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा पानी के टैंकर से सड़क की धुलाई, चलंत शौचालय की व्यवस्था तथा सामुदायिक भवनों में पेयजल एवं शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग को प्रमुख स्थानों पर दमकल की तैनाती तथा गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल को एम्बुलेंस और मेडिकल टीम के साथ अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया। वहीं नमामि गंगे एवं आरसीडी विभाग को जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने को कहा गया। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एनआईटी मोड़ से दीदारगंज तक अशोक राजपथ पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश ट्रैफिक एसपी को दिया गया। साथ ही शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गई। शोभायात्रा का प्रारंभ रामदेव महतो सभागार, मंगल तालाब से होगा, जो श्री गौरी शंकर मंदिर तक जाएगी। समापन स्थल पर सिविल डिफेंस एवं एनसीसी कैडेट्स की तैनाती का प्रस्ताव रखा गया, जिसे अनुमंडल पदाधिकारी ने स्वीकृति दी। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पूरे मार्ग में पर्याप्त पुलिस बल, महिला बल की तैनाती रहेगी। साथ ही डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और सभी को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया। बैठक में समिति के अध्यक्ष राजेश चन्द्रबंशी सहित मुरारी राय, नरेन्द्र कुमार, बिनय कुमार बिट्टू, प्रो. अरुण कुमार, शंकर मेहता, संतोष कुमार चौरासिया, सुजीत सिंह कुशवाहा, बाबू भाई, गौरव कुमार सिंह, गौरव कुमार एवं प्रमोद कुमार राज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
