पालीगंज, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार की राजधानी पटना में अवैध बालू खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और बालू माफियाओं के बीच जोरदार झड़प हो गई। मामला पटना जिले के रानीतालाब थाना क्षेत्र के धनराज छपरा गांव का है, जहां कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर रानीतालाब थाना की पुलिस टीम धनराज छपरा गांव में छापेमारी करने पहुंची थी।पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद बालू माफियाओं और उनके सहयोगियों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और माफियाओं ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा।
पुलिस ने पहले हमलावरों को समझाने और मौके से हटने की चेतावनी दी, लेकिन हमला जारी रहने पर स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को आत्मरक्षा में कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर मौजूद कई लोग वहां से भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस ने धनराज छपरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, ताकि हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।
