फुलवारीशरीफ, अजित। भारतीय लोकहित पार्टी (बीएलपी) ने पटना सहित बिहार में वैश्य व्यापारियों पर हो रहे लगातार हमलों और हत्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है. पार्टी ने विशेष रूप से 5 अप्रैल 2025 को पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में व्यापारी संतोष प्रकाश के साथ हुई लूटपाट की घटना और इससे पहले डॉक्टर खुशी राज की हत्या का मामला उठाया है.प्रधानमंत्री कार्यालय ने बीएलपी को पटना पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई से अवगत कराया है. साथ ही स्पष्ट किया है कि वैश्य-व्यापारी थाने के गठन का मुद्दा संबंधित पुलिस के क्षेत्राधिकार के बाहर है. बीएलपी ने वैश्य व्यापारी सुरक्षा अधिनियम पारित कर देश के प्रत्येक थाने में वैश्य व्यापारी थाना गठित करने की मांग दोहराई है, ताकि अपराधियों में भय पैदा हो और व्यापारी सुरक्षित रह सकें।
बीएलपी के अनुसार, राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारी समुदाय में भय और आक्रोश व्याप्त है, जबकि सरकार और प्रशासन दावा करते हैं कि व्यापारी सुरक्षित हैं. पत्र में कहा गया है कि व्यापार और व्यापारी देश की आर्थिक रीढ़ हैं, लेकिन जब वे ही असुरक्षित हों तो प्रदेश और देश की समृद्धि असंभव है।
